नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
सरकारी जमीन घोटाले का पर्दाफाश: चतरा डीआरडीए डायरेक्टर अलका कुमारी गिरफ्तार
हजारीबाग/चतरा: झारखंड में एक बड़े सरकारी जमीन घोटाले का पर्दाफाश हुआ है, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में भारी हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने चतरा की डीआरडीए डायरेक्टर अलका कुमारी को उनके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया है।
अलका कुमारी पर आरोप है कि हजारीबाग में अंचल अधिकारी (CO) के पद पर रहते हुए उन्होंने जमीन माफियाओं से साठगांठ कर सरकारी जमीनों का अवैध रूप से दाखिल-खारिज करवा दिया था।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह मामला उजागर होने के बाद इसकी गंभीरता से जांच की गई थी, जिसमें अलका कुमारी को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
कोर्ट के आदेश के बाद, एसीबी की टीम ने सोमवार को चतरा पहुंचकर डीआरडीए कार्यालय से अलका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अपने साथ हजारीबाग ले गई।
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद, न सिर्फ चतरा और हजारीबाग के प्रशासनिक हलकों में भारी हलचल मच गई है, बल्कि सरकारी कर्मियों के बीच भी यह गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जमीन से जुड़े अन्य घोटालों की जांच का रास्ता भी खोल सकती है।