रालोद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने उठाई मुस्लिम बहुल वार्डों की आवाज, नगर आयुक्त ने दिया आश्वासन
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शमीम अहमद के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त शिपू सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सड़कों, नालियों और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष शमीम अहमद ने नगर आयुक्त को बताया कि कई मुस्लिम बहुल वार्डों में सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित सफाई नहीं कराई जाती। वार्ड नंबर 65 में सरकारी क्वार्टर के सामने बना डंपिंग प्वाइंट पूरे क्षेत्र के लिए समस्या बन गया है, जहां हर वार्ड का कूड़ा लाकर डाल दिया जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
उन्होंने आगे बताया कि वार्ड नंबर 67 के इस्लाम नगर कॉलोनी गली नंबर 12 में सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे गलीवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी वार्ड की निसार कॉलोनी में भी सड़क और पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
नगर आयुक्त शिपू सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों की सभी मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को सुबह 11 बजे तक जिन वार्डों में सड़कें नहीं बनी हैं, उनकी सूची प्रस्तुत की जाए ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष इमरान सिद्दीकी, जिला सचिव मोहम्मद समी, सितारा बेगम, मोहम्मद जमशेद, जिला महामंत्री मुरसलीन अंसारी, सद्दाम, दानिश, नगर विधानसभा अध्यक्ष मुदस्सिर मलिक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़