थाना देहात पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा कुख्यात चोर
गोली लगने से घायल शौकिन उर्फ कादिर गिरफ्तार, एक फरार
सहारनपुर । थाना कोतवाली देहात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चोर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लग गई, जिसे पुलिस ने घायल अवस्था में दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान शौकिन उर्फ कादिर पुत्र फुरकान, निवासी ग्राम उसण्ड, थाना बेहट, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह आरोपी बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त से पुलिस ने बरामद किए हैं, एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा और चार जिंदा कारतूस, एक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल, एक लोहे का कटर, और मंदिरों से चोरी गया सामान, जिसमें चार मंदिरों के घंटे, पूजा के यंत्र और अन्य पूजा सामग्री शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह वही गैंग है जो हाल ही में शकलापुरी शिव मंदिर और अन्य मंदिरों से घंटों और पूजा के सामान की चोरी में शामिल था। पुलिस फरार साथी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। वहीं घायल चोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
इस सफल कार्यवाही को थाना देहात कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह। व उपनिरीक्षक भीम प्रकाश ने अपनी पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़