✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
नगर परिषद और पुलिस की सराहनीय पहल से पहली बार सुकून से मना रहे नगर के लोग त्योहार व्यवस्थित यातायात और सुरक्षा प्रबंधन से नगरवासियों ने महसूस की राहत
कटनी//विजयराघवगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे एवं थाना प्रभारी रितेश शर्मा की सराहनीय पहल से इस बार नगर का त्योहार शांति, सुरक्षा और सुकून के माहौल में मनाया गया। दिपावली त्योहार के दौरान नगर में अक्सर लगने वाले जाम और अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन ने मिलकर ठोस कदम उठाए। नगर परिषद द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई और उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया। साथ ही मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर नगर परिषद कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।थाना प्रभारी रितेश शर्मा के निर्देशन में पुलिस बल को नगर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्र में तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी और सतर्क निगरानी से बाजारों में भीड़भाड़ नियंत्रण में रही और लोगों ने त्योहार की खरीदारी बेफिक्र होकर की।व्यवस्थाओं का जायजा लेने स्वयं नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे बाजार पहुँचीं। व्यापारियों ने अध्यक्ष की इस पहल और प्रशासनिक समन्वय के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने कहा। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर परिषद और पुलिस के सहयोग से हमने प्रयास किया कि नागरिक निश्चिंत होकर त्यौहार का आनंद ले सकें। आगे भी पुलिस प्रशासन जनता की सुविधा के लिए तत्पर रहेगा। संयुक्त रूप से की गई इस कार्यवाही की प्रशंसा पूरे नगर में की जा रही है। अध्यक्ष राजेश्वरी दुबे ने कहा कि हर साल त्योहारों के दौरान भारी वाहनों और भीड़ से व्यापारियों व खरीददारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस बार पुलिस की सहभागिता से हमने समस्या का स्थायी समाधान करने की कोशिश की है।इस बार सचमुच विजयराघवगढ़ ने महसूस किया सुरक्षा और व्यवस्था के संग सजे त्योहार का असली आनंद।