इंडिया टीवी ब्यूरो चीफ राजेश मौर्य कुशीनगर:
जिले में तेज रफ्तार और ओवरलोड लग्जरी बसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी बस ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से सुपौल (बिहार) जा रही लग्जरी बस ओवरलोड थी और तेज गति से एनएच-28 पर दौड़ रही थी। इसी दौरान सलेमगढ़ टोल के पास अचानक सामने आए बाइक सवारों को बस चालक बचा नहीं सका और बस ने उन्हें रौंद डाला।
मृतकों की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले चाचा और भतीजे के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और राहगीरों ने एनएच-28 को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में यह तीसरी दुर्घटना है जिसमें ओवरलोड लग्जरी बसों ने जानलेवा हादसे को अंजाम दिया है।