सहारनपुर के शुभम दुबे ने बॉडी बिल्डिंग में किया नाम रोशन
पहली ही प्रतियोगिताओं में जीते मिस्टर देहरादून और नॉर्थ इंडिया में पदक
सहारनपुर/बेहट – जसमौर निवासी युवा शुभम दुबे ने अपनी लगन और निरंतर मेहनत के बल पर बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में नया कीर्तिमान रचा है। अपनी पहली ही प्रतियोगिताओं में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून में आयोजित “मिस्टर देहरादून मेन फिजिक्स प्रतियोगिता” में द्वितीय स्थान तथा “नॉर्थ इंडिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता” में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ये प्रतियोगिताएं 25 अक्टूबर 2025 को उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित हुईं, जिनमें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के करीब 35 बेहतरीन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सख्त मानकों और राष्ट्रीय स्तर की परख के बावजूद शुभम ने अपने दमदार प्रदर्शन से निर्णायकों का दिल जीता।
लगभग दो वर्षों के कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लेकर शुभम ने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुओं के मार्गदर्शन और सहारनपुर के युवाओं की प्रेरणा का परिणाम है। अब उनका लक्ष्य “मिस्टर इंडिया” और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम ऊंचा करना है।
सहारनपुर जिले के खेल प्रेमियों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं ने शुभम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। शुभम ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं को फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़