लदुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव में सोमवार की सुबह एक मासूम बालक की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों में छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खैराही आश्रम मोड़ निवासी दयाशंकर का छह वर्षीय पुत्र अभि अपनी मां के साथ बीते रविवार की शाम छठ पर्व मनाने के लिए अपने ननिहाल कुंडाडीह आया था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान समरसेबल पंप से पानी निकाला जा रहा था कि खेलते-खेलते अभि ने पानी के पाइप को छू लिया। अचानक बिजली के तेज झटके से वह कुछ दूरी पर जाकर बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना देख पास में बैठी उसकी मां और बुआ दौड़कर आईं और आनन-फानन में परिजनों ने बालक को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना थाना म्योरपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के पश्चात पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया।
मृतक के पिता दयाशंकर ने बताया कि अभि घर का सबसे बड़ा बेटा था। उसके बाद दो बहनें हैं। अभि हाल ही में स्कूल जाना शुरू किया था और एलकेजी कक्षा का छात्र था।घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि बालक की मौत करंट लगने से हुई है या गिरने से, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह