दुद्धी सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता गुरुवार को भाऊराव देवरस राजकीय डिग्री कालेज मैदान, दुद्धी में बड़े उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन तथा विशिष्ट अतिथि राजकीय डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ. रामसेवक यादव, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी विशाल चौरसिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. गौरव सिंह और खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की, जिसके बाद बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। खेलों के प्रारंभ के साथ ही मैदान बच्चों के उत्साह और जयघोष से गूंज उठा।
प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में अंशू (महुली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नौरोज (बूटबेढवा) द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में रानी (धनौरा) ने प्रथम स्थान और संध्या (महुली) ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कबड्डी में बालक और बालिका दोनों वर्गों में बघाडू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बूटबेढवा द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में खेल शिक्षकों दयाशंकर, संजीव, अजीत और लोकपति वर्मा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर एआरपी उज्ज्वल मौर्य, रामसूरत, योगेन्द्र यादव, शिक्षक नीरज कुमार, शैलेश मोहन, मुसईराम, संतोष सिंह, जितेन्द्र चौबे, भोलानाथ, छविलाल, चंद्रेश मौर्य, श्याम बिहारी चौधरी, मनोज जायसवाल, राजेश झा, लल्लू राम, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद आजम, फैज अहमद, प्रवीण द्विवेदी, राकेश शर्मा, अरुण राय, विजय गुप्ता, निरंजन, पूजा, वंदना, सविता और उमा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।
प्रतियोगिता के समापन पर बच्चों ने कहा कि अगला लक्ष्य जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दुद्धी का परचम लहराना है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह