रामनगर छठ घाट विवाद: राजस्व टीम ने की भूमि पैमाइश, अतिक्रमणकारियों को दी चेतावनी
कसया तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा रामनगर में बुधवार को प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली। छठ घाट से सटे भू-भाग पर लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। जांच में कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। टीम ने अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने की चेतावनी दी है।
दरअसल, रामनगर के छठ घाट के बगल में हाटा तहसील क्षेत्र के देवराजपुर गांव के कुछ लोग वर्षों से उक्त भूमि को निजी बताते हुए वहां छप्पर और कटरैन डालकर रह रहे थे। वहीं इसी घाट पर हर वर्ष पूरे गांव की महिलाएं आस्था के महापर्व छठ पूजा का आयोजन करती हैं। बीते छठ पर्व पर अतिक्रमण कर रहे लोगों द्वारा पूजा स्थल की बेदी पर कपड़े आदि पसारने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। जब ग्राम प्रधान हरिकेश प्रसाद ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों में तनातनी की स्थिति बन गई।
विवाद बढ़ने पर ग्राम प्रधान ने एसडीएम कसया से शिकायत करते हुए छठ घाट की भूमि का सीमांकन कराने की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को नायब तहसीलदार कसया संदीप कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने छठ घाट और उसके आसपास की भूमि की पैमाइश की।
मापी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घाट के समीप स्थित कुछ भूमि पर रमप्रवेश चौहान, हीरा चौहान, भोला चौहान और रामरेखा चौहान द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा किया गया है। नायब तहसीलदार ने सभी संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे एक सप्ताह के भीतर स्वेच्छा से कब्जा हटा लें, अन्यथा प्रशासन नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करेगा।
कार्रवाई के दौरान कानूनगो अजय कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल स्नेहलता प्रजापति, रीमा सिंह, ग्राम प्रधान हरिकेश प्रसाद, पंकज पटेल, पप्पू चौहान, राजकुमार पटेल, राजकुमार पूर्व बीडीसी, अंकुर पाण्डेय, विवेक पांडेय, रिंकू पटेल, पिंटू पटेल, सुग्रीव पटेल, विनीत कुमार, डी.के. पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से छठ घाट क्षेत्र में शांति बनी रही, वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगामी छठ पूजा अब बिना किसी विवाद के संपन्न होगी। राजेश मौर्य कुशीनगर