दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के घिवही गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बिडर गांव निवासी रेखा देवी (40) अपने पति रामचंद्र पुत्र मोतीलाल (45) के साथ बाइक से अपने मायके घिवही जा रही थीं। वे अपने चचेरे भाई के घर आयोजित दसवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। लगभग डेढ़ बजे घिवही शिव मंदिर से आगे लाइन होटल के पास सामने से आ रही एक इनोवा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने इनोवा कार को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह