नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
परिवार ने राजनीतिक षड्यंत्र पर जताया आक्रोश; सरकार से माफिया राज से मुक्ति दिलाने की मांग
हजारीबाग, 9 नवंबर2025 को झारखंड प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक निष्क्रियता के विरोध में, खतियानी परिवार की एक महत्वपूर्ण बैठक आज पुराना धरना स्थल के नजदीक अशोक राम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने झारखंड के वर्तमान हालात पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफलता
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड प्रदेश राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बन गया है, जहां नेतागण प्रदेश का भविष्य निर्धारित करने में लगे हैं, जबकि केंद्र सरकार बेरोजगार छात्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। वक्ताओं ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि, “जब शिक्षा ही मार रही है, तो किस विकास का निर्माण संभव है?” यह आपाधापी भरा माहौल पूरे समाज को अनिश्चितता की ओर धकेल रहा है।
खतियानी परिवार के सदस्यों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज को सही दिशा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन परिणाम हमेशा “ढाक के तीन पात” जैसा ही रहता है। उन्होंने कहा कि प्रति सप्ताह बैठकों में माथापच्ची होती है, लेकिन वे सरकार के सामने बौने दिखाई पड़ते हैं, और उनकी जोरदार अभिव्यक्ति के बावजूद परिणाम शून्य हैं।
प्रशासन से हस्तक्षेप और माफिया राज से मुक्ति की मांग
महासचिव मोहम्मद हकीम (निवेदक) ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान में संप्रभु शक्ति जनता के पास है, लेकिन उनकी लाचारी है कि वे परिणाम तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों पर ठीकरा फोड़ने के बजाय यह सुझाव दिया कि प्रशासनिक लोग जनता की पीड़ा को ठीक से समझें और माफियाओं एवं दलालों के जाल से गरीब जनता को मुक्ति दिलाने के लिए बीच में आएं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह इस बढ़ते हुए जाल से जनता को निजात दिलाए। बैठक में उपस्थित रहने वालों में महेश विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार मेहता, बबलू मेहता, मोहम्मद नसरुद्दीन, मेघन मेहता, सुरेश महतो, किशोरी कुमार मेहता, संतोष कुमार, अमर कुमार, रामावतार भगत एवं अन्य सदस्य शामिल थे।