चलती ट्रेन से बिजनेसमैन की गर्भवती पत्नी-बेटी गिरी, मौत : 4 दिन बाद झाड़ियों में मिले शव; भाई की शादी में शामिल होने आ रहा था परिवार। चलती ट्रेन के दौरान गिरने से जालोर के बिजनेसमैन की 5 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी और बेटी की मौत हो गई। बिजनेसमैन आंध्र प्रदेश में मोबाइल एसेसरीज का व्यापार करते हैं। 22 नवंबर को बिजनेसमैन के साले की शादी है। इसमें शामिल होने के लिए वह परिवार के साथ राजस्थान आ रहे थे। हादसा कर्नाटक के रायचूर जिले से करीब 90 किलोमीटर दूर यादगिरी और नालवर स्टेशन के बीच हुआ। मां-बेटी के शव गुरुवार (13 नवंबर) की शाम को रायचूर जिले में ट्रेन की पटरी के पास झाड़ियों में मिले। पोस्टमॉर्टम के बाद शव एम्बुलेंस से जालोर के लिए भेजे गए हैं। जालोर के रामसीन थाना इलाके के बासड़ा-धनजी गांव निवासी मांगीलाल देवासी (35) पत्नी पुष्पा देवी (32), बेटी रवीना (5) और बेटे धर्मेंद्र (9) के साथ आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से जालोर आ रहे थे। वे 9 नवंबर को रात 8:30 बजे अनंतपुर से अहमदाबाद तक चलने वाली ट्रेन (गाड़ी संख्या 22690) से रवाना हुए थे। रात करीब 10 बजे खाना खाकर पूरा परिवार अपनी सीटों पर सो गया। करीब 11:30 बजे ट्रेन कर्नाटक के रायचूर जिले से 90 किलोमीटर दूर यादगिरी और नालवर के बीच चल रही थी। इस दौरान रात 11:30 से 12 बजे के बीच बेटी रवीना को बाथरूम के लिए पुष्पा देवी साथ लेकर गईं। बाथरूम के बाहर नल पर हाथ धोते समय फर्श पर पानी के कारण रवीना का पैर फिसल गया। रवीना को बचाने के चक्कर में पुष्पा भी फिसल गई। कोच का गेट खुला होने के कारण दोनों ट्रेन से गिर गईं और उनकी मौत हो गई। रात करीब 12 बजे मांगीलाल देवासी ने देखा कि पास की सीट पर पत्नी पुष्पा और बेटी रवीना नहीं थी। उन्होंने पूरे कोच में खोजबीन की, लेकिन वे नहीं मिलीं। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। रायचूर पुलिस ने 10 नवंबर की रात को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। रायचूर में रह रहे जालोर के स्थानीय प्रवासियों को सूचना दी। सभी ने पुलिस के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। 13 नवंबर को शाम करीब 5 बजे रायचूर जिले के पहाड़ी इलाके में पटरी के पास झाड़ियों में दोनों के शव मिले। पहाड़ी इलाका होने से पटरी के एक और करीब 200 मीटर तक की खाई है, जहां शव मिले। शवों को रायचूर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार (14 नवंबर) सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव एम्बुलेंस से जालोर भेजे गए हैं। मौके पर मौजूद प्रवासी राजस्थानी ललित देवासी ने बताया-पुष्पा देवी 5 महीने की प्रेग्नेंट थीं। पोस्टमॉर्टम के दौरान उनके पेट से 5 महीने का भ्रूण भी निकाला गया। मांगीलाल अपने 2 भाइयों के साथ आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में मोबाइल एसेसरीज का होलसेल और रिटेल व्यापार करते हैं। करीब 10 साल से वही रह रहे हैं। 22 नवंबर को जालोर में पुष्पा देवी के भाई की शादी है। इसी में शामिल होने के लिए पूरा परिवार जालोर आ रहा था। ललित कर्नाटक में काम करते हैं। वहं जालोर के रानीवाड़ा के दातलावास गांव के रहने वाले हैं मीली जानकारी अनुसार ईडीयन टीवी न्यूज चैनल जालोर संवादाता जबरसिंह राज़ पुरोहित थांवला