दुद्धी सोनभद्र ।सोमवार को दुद्धी खजूरी की प्रतिभाशाली बेटी उमा गुप्ता ने तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी उमा गुप्ता के इस प्रदर्शन पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
खेल प्रतियोगिता 5 नवम्बर 2025 तक चेन्नई में संपन्न हुई, जिसमें एशिया के 28 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए। भारत से 3800 खिलाड़ियों के दल में उत्तर प्रदेश के केवल 128 प्रतिभागी थे, जिनमें सोनभद्र जनपद की ओर से दुद्धी की उमा गुप्ता ने प्रतिनिधित्व किया।
चेन्नई से वापसी पर सोमवार को नगर पंचायत वार्ड संख्या 2, गौतम बुद्धनगर स्थित संगीता वर्मा, जिला सचिव सुपरवाइजर एसोसिएशन सोनभद्र तथा प्रभू सिंह कुशवाहा एडवोकेट, अध्यक्ष सिविल बार एसोसिएशन के आवास पर उमा गुप्ता का उत्साहपूर्वक स्वागत व अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संगीता वर्मा, वंदना कुशवाहा, रेखा गुप्ता, विनिता मसीह, शिखा सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि उमा गुप्ता इससे पूर्व भी मणिपुर में आयोजित नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल, बेंगलुरु में कांस्य पदक जीत चुकी हैं तथा पुणे में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एशिया स्तर की प्रतियोगिता हेतु चयनित हुई थीं।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि उमा गुप्ता की यह उपलब्धि न केवल दुद्धी बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद के लिए गौरव का विषय है और उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह