नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा का बड़ा फैसला, अनुदान बहिष्कार की चेतावनी
हजारीबाग। आज दिनांक 20 नवंबर 2025 को वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा, जिला इकाई हजारीबाग के तत्वावधान में जिले के सभी इंटरमीडिएट कॉलेज, उच्च विद्यालय के प्राचार्य/ प्रधानाचार्य एवं शिक्षक प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक जी.एम. इंटर महाविद्यालय, इचाक के प्राचार्य शंभू कुमार की अध्यक्षता में ज्ञान ज्योति मेमोरियल कॉलेज, हजारीबाग में आयोजित की गई।
बैठक में मोर्चा से संबंधित मांगों पर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान प्रपत्र का बहिष्कार करने का बड़ा फैसला शामिल है।
मोर्चा ने सर्वसम्मति से निम्नलिखित निर्णय लेते हुए राज्य सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हजारीबाग जिले के कोई भी प्रस्वीकृति प्राप्त इंटर कॉलेज एवं अनुदानित उच्च विद्यालय महासंघ के आह्वान पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं भरेंगे और अनुदान प्रपत्र का बहिष्कार करेंगे। यह बहिष्कार तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य सरकार 75% अनुदान वृद्धि नहीं करती है।
कक्षा 8वीं से 12वीं तक पढ़ने वाली वित्त रहित इंटर कॉलेज और उच्च विद्यालयों की छात्राओं को सावित्रीबाई फुले योजना से आच्छादित करने की मांग की गई है। मोर्चा का कहना है कि सरकार के संकल्प के बावजूद इन छात्राओं को योजना से वंचित किया जा रहा है।
जिले में मैट्रिक का परीक्षाफल बेहतर होने और सभी डिग्री कॉलेजों से इंटर की पढ़ाई समाप्त होने के कारण, इंटरमीडिएट में सीट वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
राज्य सरकार से मांग की गई है कि वित्त रहित संस्थाओं को प्राप्त होने वाले अनुदान की राशि सीधे संस्थाओं के खाते में भेजी जाए, ताकि राशि का बंदरबांट न हो सके।
मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए जिन संस्थाओं को परीक्षा केंद्र बनाया जा रहा है, वहाँ उसी विद्यालय/महाविद्यालय के प्राचार्य को केंद्र अधीक्षक बनाया जाए। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि रेगुलेशन ऑफ एग्जामिनेशन के इस स्पष्ट प्रावधान का उल्लंघन होने पर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
मोर्चा के केंद्रीय सदस्य सह उपाध्यक्ष डॉ. देवनाथ सिंह ने सभी स्कूल/कॉलेज से एकजुट होकर संघ के आह्वान पर अनुदान का बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जैक (JAC) इंटर में सीट वृद्धि नहीं करता है, तो मोर्चा 10 दिसंबर के बाद जैक कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लेगा।
बैठक में उपस्थित जिले के सभी विद्यालय एवं कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से मोर्चा के साथ अपनी सहमति जताई और घोषणा की कि सरकार की मांगें पूरी न होने तक कोई भी स्कूल/कॉलेज इस वर्ष अनुदान प्रपत्र नहीं भरेगा।
बैठक में माध्यमिक के अध्यक्ष गणेश महतो, इंटरमीडिएट शिक्षक कर्मचारी के महासचिव मनीष कुमार एवं डालेश चौधरी, संरक्षक सदस्य इंद्रदेव मेहता, राजीव कुमार, प्रदीप कुमार मेहता, प्रभु कुमार सिंह, मनोज कुमार, बसंत नारायण, रविंद्र मेहता, बच्चू राम, श्याम सुंदर राणा, उदय सूर्य, संजीत कुमार महतो, मोहम्मद महबूब, इमानुएल, धीरज कुमार, सिस्टर कमला, डॉ. अनुरंजन कुमार, मनोज कुमार इत्यादि सहित जिले के सभी उच्च विद्यालय एवं इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।