सशस्त्र सीमा बल 70 वीं वाहिनी ने ग्राम भरथापुर में वितरित किये कृषि उपकरण
इंडियन टी वी न्यूज
रिपोर्टर अनिल कुमार सोनी
ब्यूरो चीफ बहराइच
बहराइच 27 नवम्बर। नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी द्वारा ग्राम भरथापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों को कृषि उपकरणों का वितरण किया गया। खेती-किसानी के सहायतार्थ उपकरण का वितरण कर ग्रामवासियों एवं कृषकों को सशक्त बनाये जाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में 50 ग्रामीणों को फावड़ा, तसला, खुर्पी एवं दरांती जैसे उपयोगी कृषि उपकरण वितरित किए गए। उपकरण प्राप्त होने पर कृषकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन को अत्यन्त उपयोगी बताया।
द्वितीय कमान अधिकारी मुकेश कुमार गौतम के दिशा निर्देश एवं उप कमांडेंट विश्वनाथ मिश्र की उपस्थिति में शिविर सम्पन्न हुआ। द्वितीय कमान अधिरकारी श्री गौतम द्वारा ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीकों, आत्मनिर्भर खेती तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान समवाय के अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सीमावर्ती गांवों के विकास और जनसहभागिता को मजबूती प्रदान करते हैं।
उल्लेखनीय है कि 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा समय-समय पर नागरिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों के जीवन स्तर को सुधारने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।