दिल्ली पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव स्पर्धा का आयोजन
स्कूली बच्चों ने किया अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
खेल करते है हमारे अंदर प्रेरणा, साहस व अनुशासन लाने का कार्य: डीआईजी
खेल है बेहतर भविष्य निर्माण करने का प्रभावी तरीका
सहारनपुर। महानगर की प्रमुख शिक्षण संस्था दिल्ली पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव स्पर्धा में विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा दस व बारह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
दिल्ली रोड स्थित डीपीएस में आयोजित वार्षिकोत्सव स्पर्धा का शुभारंभ सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह, मेयर डॉ.अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुम्बर, वाइस प्रेजिडेंट एलन कूपर, रंजीत मिश्रा, प्रोग्रेसिव स्कुल्स सोसायटी के संयोजक सुरेद्र चौहान व विद्यालय के निदेशक युसूफ अमीन व प्रधानाचार्या आदेश सिसोदिया ने हवा में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया।
तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। डीआईजी अभिषेक सिंह ने छात्रों की परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके पश्चात विद्यालय के छात्रों द्वारा खेल भावना की शपथ ग्रहण की गई तथा मुख्य अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्जवलित कर खिलाड़ियों को सौंपी गयी। वार्षिकोत्सव में बच्चों द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य के साथ-साथ भारत के शास्त्रीय नृत्य, दक्षिण भारतीय नृत्य ने सभी का मनमोह लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सीबीएसई परीक्षा 2024-25 में कक्षा 10 व 12 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा साथ ही पिछले तीन वर्षों से लगातार कक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी बलू ब्लेजर देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10 में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा 12 में कला, वाणिज्य तथा विज्ञान तीनों संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि डीआईजी अभिषेक सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हर प्रकार का खेल शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक और बौद्धिक स्वास्थ्य के साथ गहराई से जुड़ा हुआ है। यह हमारे अंदर प्रेरणा, साहस, अनुशासन और एकाग्रता लाने का कार्य करता है। विद्यालय निदेशक युसूफ अमीन ने कहा कि खेल एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने के लिए बहुत ही प्रभावी तरीका है इसलिए खेल और शिक्षा दोनों को अपने जीवन में एक साथ अपनाकर हम सभी महत्त्वपूर्ण सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान स्कूल का स्टॉफ और भारी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़