फतेहगंज पश्चिमी में लगा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 150 से अधिक मरीजों को मिला लाभ
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शाही रोड स्थित विजयलक्ष्मी पैलेस के निकट गीतांश हेल्थ केयर की ओर से एक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 150 मरीजों ने पहुंचकर निःशुल्क परामर्श और औषधियों का लाभ उठाया।
चिकित्सा शिविर के दौरान त्वचा रोग, पेट से जुड़ी समस्याएं, बवासीर, एलर्जी, जोड़ों का दर्द, महिलाओं से संबंधित रोग तथा बच्चों की सामान्य बीमारियों की जांच और उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्थिति के अनुसार उचित होम्योपैथिक दवाइयां वितरित कीं।
शिविर में डॉ. योगेश शंखधर, डॉ. विवेक गंगवार, डॉ. अभिषेक उपाध्याय एवं डॉ. शुभम गंगवार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों को नियमित उपचार के साथ-साथ संतुलित दिनचर्या अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली