दुद्धी सोनभद्र। ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यभार के खिलाफ लगातार विरोध के बाद ग्राम पंचायत सचिवों ने आज सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपना-अपना डोंगल एडीओ पंचायत को सौंप दिया।
इससे पहले 5 दिसंबर को सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया था, जबकि 10 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपा गया था। ग्राम पंचायत सचिव संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों की कार्यप्रणाली के अनुकूल नहीं है। इससे फील्ड वर्क और पंचायत के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं, साथ ही अन्य विभागों का बोझ सचिवों पर अनावश्यक दबाव बना रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन के निर्देश पर सभी सचिवों ने आज ब्लॉक स्तर पर डोंगल जमा कर दिए। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा, सुरेंद्र कुमार, अरुण कुमार यादव, राकेश कुमार, राम नारायण, सचिन गिरी, सुनील श्रीवास्तव, सुधीर कुमार, अनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में सचिव मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह