आबकारी ने 98 लीटर कच्ची शराब और लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए ।
नवागत कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी पन्ना मुकेश कुमार मौर्य और सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल जाटव के मार्गदर्शन में पन्ना जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है । जिसके तारतम्य में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक बड़ी कार्रवाई की गई है ।
आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने बताया कि विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी, कि शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रघुनाथ पिपरिया में कई बंजारा परिवार घर में हाथभट्टी से महुए की कच्ची शराब बनाकर बेच रहे है । इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और उनके निर्देश पर तड़के तीन टीम बनाकर अचानक ग्राम रघुनाथ पिपरिया में कई घरों पर दबिश दी गई । जिसमें बबलू बंजारा पिता दयाराम बंजारा उम्र 39 वर्ष के रिहायशी मकान से लगभग 66 बल्क लीटर हाथभट्टी महुए निर्मित कच्ची शराब जप्त की गई । शराब बरामद होते ही आरोपी बबलू बंजारा ने दौड़ लगा दी, तब आबकारी बल ने पीछा कर उसे धर दबोचा । आरोपी बबलू बंजारा ने स्वयं अवैध रूप से हाथभट्टी से महुए की कच्ची शराब बनाना स्वीकार किया । आरोपी बबलू बंजारा के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) का अपराध पंजीबद्ध किया गया । आबकारी की दूसरी टीम ने उसी समय ऊदल बंजारा पिता चतुरा बंजारा, उम्र 32 वर्ष के रिहायशी मकान से लगभग 5 बल्क लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई । आरोपी के पास कोई भी वैध परमिट या लायसेंस नहीं मिला । अतः आरोपी ऊदल बंजारा के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके अलावा इन घरों के सामने शासकीय भूमि में कई प्लास्टिक के डिब्बे जगह जगह गड्ढे खोद कर गड़े पाए गए । जिनमें लगभग 29 बल्क लीटर हाथभट्टी महुए निर्मित कच्ची शराब और लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन लावारिस हालत में पाया गया । आसपास कोई भी व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला । अतः अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया । कुल पांच प्रकरणों में 98 बल्क लीटर अवैध शराब अनुमानित कीमत 14700 रूपये और 800 किलोग्राम महुआ लाहन कीमती 80,000 रूपये कुल 94,700 रुपए जप्त की गई । इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय, हरीश पाण्डेय और विक्रांत जैन के साथ आबकारी आरक्षक सुश्री स्मिता ठाकुर, कुलदीप जाटव, रवि प्रकाश मिश्रा, सोनू कोरकू, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, मोतीलाल प्रजापति और आकाश साहू, सुरेंद्र बुंदेला शामिल रहे ।
जिला पन्ना स्थितपन्ना हमारा नाम manas Awasthi