रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना,,,,,,,,,,सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने ग्राम पंचायत सुमावली एवं ग्राम पंचायत बागचीनी में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर एसडीएम जौरा शुभम शर्मा तथा कार्यपालन यंत्री, सिंचाई विभाग पी.एस. जाटव भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर जांगिड़ ने शिविर में ग्रामीणजनों के साथ बैठकर प्रत्यक्ष संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों पर चर्चा की गई तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल एवं सुगम रूप से पहुँचाई जाए तथा सेवा प्रदाय में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन गाँव की ओर पहल का मुख्य उद्देश्य शासन को आम नागरिकों के और अधिक निकट लाना है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान ग्राम पंचायत स्तर पर ही प्रभावी ढंग से किया जा सके।
शिविर के दौरान क्लस्टर स्तर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से ग्रामीणजनों की बीपी एवं शुगर की जांच की जा रही थी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं जांच प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करने के उद्देश्य से कलेक्टर जांगिड़ ने स्वयं भी बीपी एवं शुगर की जांच कराई तथा आवश्यक निर्देश दिए।