कुर्की कार्रवाई के दौरान तहसील अमीन व ऋणधारक में टकराव, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।थाना क्षेत्र के गांव पनवड़िया में बकाया ऋण की वसूली को लेकर कुर्की की कार्रवाई के दौरान तहसील अमीन और ऋणधारक के बीच विवाद हो गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जिस पर जांच की जा रही है।
तहसील अमीन मुनीश कुमार मिश्रा के अनुसार गांव पनवड़िया निवासी ओमनारायण ने भूमि विकास बैंक से ऋण लिया था, जिसकी लगभग 1.50 लाख रुपये की आरसी तहसील को प्राप्त हुई थी। कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जब ऋण की बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो एसडीएम आलोक कुमार द्वारा 18 दिसंबर को कुर्की का आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुपालन में बुधवार को वह थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के साथ गांव पहुंचे थे।
अमीन का आरोप है कि कुर्की की कार्रवाई में व्यवधान डालने के लिए ऋणधारक ने अपनी पत्नी को आगे कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई और कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।
वहीं दूसरी ओर ऋणधारक ओमनारायण का कहना है कि उन्होंने भूमि विकास बैंक से केवल 50 हजार रुपये का ऋण लिया था, जिसमें से 45 हजार रुपये जमा कर चुके हैं। आरोप है कि बुधवार को तहसील अमीन कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी से अभद्रता की। साथ ही जबरन घर में घुसकर अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपये नकद और पत्नी के कानों के कुंडल ले गए।
मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि लूटपाट के आरोप निराधार प्रतीत होते हैं। कुर्की की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी। तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली