सहारनपुर
लघु उद्योग भारती ने विकास प्राधिकरण पर उद्यमियों के उत्पीड़न का लगाया आरोप
सहारनपुर लघु उद्योग भारती के मेरठ प्रांत के पदाधिकारी अनुपम गुप्ता ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों पर उद्यमियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस निर्माण को विकास प्राधिकरण 15 दिन पूर्व निर्मित बता रहा है, उसके स्पष्ट प्रमाण प्रस्तुत किए जाएं, अन्यथा नोटिस जारी करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अनुपम गुप्ता मंगलवार को कोर्ट रोड स्थित संगठन कार्यालय पर संगठन के संरक्षक राकेश बिंदल के साथ पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा राकेश बिंदल को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।आरोप लगाया कि प्राधिकरण चिलकाना क्षेत्र में कॉलोनी विकसित करने की योजना के तहत जमीनों का अधिग्रहण कर रहा है, इसी क्रम में राकेश बिंदल की लगभग डेढ़ बीघा जमीन को भी एक्वायर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि राकेश बिंदल ने वर्तमान बाजार मूल्य पर जमीन देने की बात कही, लेकिन प्राधिकरण ने उस मूल्य पर भूमि लेने से इनकार कर दिया। आरोप है कि जमीन न देने के कारण उनके औद्योगिक संस्थान को निशाना बनाया जा रहा है। विकास प्राधिकरण द्वारा उनकी फैक्ट्री को 15 दिन पूर्व निर्मित बताते हुए नोटिस जारी किया गया है और नक्शा पास होने की बात को नजरअंदाज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अनुपम गुप्ता ने कहा कि जब इस संबंध में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से वार्ता की गई तो उन्होंने किसी अन्य के निर्देश पर नोटिस भेजने की बात कही। वहीं मंडल आयुक्त से वार्ता में भी कागजात दिखाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्यमियों को भयमुक्त वातावरण देने की बात करते हैं, लेकिन अधिकारी इसके विपरीत वातावरण बना रहे हैं, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन लेने का विरोध नहीं है, लेकिन दबाव और कथित गुंडागर्दी किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, मुकेश शर्मा, घनश्याम माहेश्वरी, शौर्य जैन, संजय कपूर, इंजीनियर अजय शर्मा मौजूद रहे। रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़