किसान बाल-बाल बचा, कुत्ते की दर्दनाक मौत—ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
सहारनपुर। जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड खनन से भरे डंपरों ने ग्रामीणों की ज़िंदगी को खतरे में डाल दिया है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि अब ग्रामीणों और खनन कारोबारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है, जो किसी भी समय बड़े बवाल में बदल सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र से दिन-रात ओवरलोड खनन डंपर तेज रफ्तार में फर्राटा भरते हैं, लेकिन न तो पुलिस और न ही प्रशासन इस ओर कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है। कई बार विरोध प्रदर्शन किए गए, रास्ते जाम किए गए, मगर हर बार ग्रामीणों की आवाज़ अनसुनी कर दी गई।ताजा घटना ने हालात और विस्फोटक बना दिए। ओवरलोड खनन से भरे एक डंपर ने बुग्गी चला रहे किसान को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि किसान ने समय रहते बुग्गी से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन उसी डंपर की चपेट में आने से एक बेजुबान कुत्ते की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शेरपुर पेलो मार्ग पर रास्ता बंद कर जोरदार विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना गुजरते हैं, लेकिन डंपर चालकों को किसी की जान की कोई परवाह नहीं। तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण पूरा इलाका डर और दहशत के साये में जी रहा है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि अगर कुत्ते की जगह कोई मासूम बच्चा चपेट में आ जाता तो जिम्मेदार कौन होता? क्या किसी बड़ी मौत के बाद ही प्रशासन जागेगा?कुत्ते की मौत और किसान की जान खतरे में पड़ने की घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए ओवरलोड खनन डंपर को रोककर अपना गुस्सा जाहिर किया। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।अब स्थिति यह है कि ग्रामीणों और खनन कारोबारियों के बीच सीधी टकराव की आशंका बनी हुई है। अगर जल्द ही प्रशासन ने अवैध खनन और ओवरलोड डंपरों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्र में हालात बेकाबू हो सकते हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़