आवेदकों द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित 142 आवेदन किये गये प्रस्तुत
गुना 06 जनवरी 2026
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। आज विभिन्न आवेदकों ने जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य और नामांतरण के आवेदन प्रस्तुत किये गये, जिनके निराकरण के निर्देश दिये गये। आज इस दौरान लगभग 142 आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किये गये।
स्वास्थ्य सुविधाओं, आधार कार्ड का नागरिकों ने लिया लाभ
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा अधिक से अधिक लोगों को आधार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो इसके लिए विशेष प्रबंध के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में आज जनसुनवाई में नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70+ आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईव्ही की जांच सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी गई, जिनका बड़ी संख्या में आवेदकों द्वारा लाभ लिया गया। आज जनसुनवाई में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, एसडीएम श्रीमति शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।
रेडक्रास के माध्यम से दी 40 हजार रूपये की आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा आर्थिक सहायता के विभिन्न आवेदनों पर 40 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि के चैक संबंधित आवेदकों प्रदान किये। जिनमें श्रीमति सीमा साहू पत्नि श्रवण साहू निवासी गुलाब गंज कैंट को कैंसर के उपचार के लिये 25 हजार रूपये, दयाराम पुत्र स्व. गज्जूराम जाटव निवासी ग्राम उकवाद खुर्द को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिये 10 हजार रूपये तथा श्रीमति गुड्डी बाई पत्नि लक्ष्मण सिंह को 05 हजार रूपये की राशि आर्थिक सहायता राशि के चैक प्रदान किये गये।
स्कूल की फीस कराई माफ
जनसुनवाई के दौरान रूठियाई निवासी रामचरण अहिरवार द्वारा अपने बच्चे की स्कूल फीस माफ कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। उक्त आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने ₹10,000 की फीस माफ कराए जाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला गुना से व्यूरो चीफ गोलू सेन की रिपोर्ट