दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय कस्बा रामनगर के वार्ड नंबर 7 में शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण की सनसनीखेज कोशिश ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
रामनगर निवासी रजनीकांत जायसवाल का पुत्र आनव जायसवाल शाम को घर के बाहर खेल रहा था, जबकि उसकी मां अंदर खाना बना रही थीं। तभी घर के पीछे से आया अज्ञात बदमाश बच्चे को गोद में उठाकर भागने लगा। पड़ोस में रहने वाली बच्चे की चाची ने शोर सुनकर दौड़ लगाई और साहस दिखाते हुए आरोपी को ललकारा।
बच्चे को कसकर थामे चाची ने आरोपी को रोक लिया, लेकिन बौखलाए बदमाश ने उन पर लात-घूंसे बरसाए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद चाची ने हार नहीं मानी और बच्चे को छुड़ाने में सफल रहीं। उनकी चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों को खुद को घिरता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल चाची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। परिजनों ने पुलिस को घटना सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपी की तलाश तेज कर दी। सीओ दुद्धी राजेश राय ने कहा, “मामले की गहन जांच चल रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।वहीं घटना के बाद रामनगर सहित आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)