रसूला चौधरी में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित, गूंजे शौर्य और स्वाभिमान के नारे

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी विकासखंड क्षेत्र के ग्राम रसूला चौधरी में शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी रही और पूरा गांव राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, भाजपा नेता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने महाराणा प्रताप की वीर गाथाओं, युद्ध कौशल और उनके अदम्य साहस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और त्याग की अनुपम मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में क्षत्रिय महासभा के युवा जिलाध्यक्ष अमित सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान और यशेंद्र सिंह ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, चक्रवीर सिंह चौहान, मीरगंज गन्ना समिति अध्यक्ष तेजपाल गंगवार, पूर्व ब्लाक प्रमुख देवपाल सिंह चौहान, नेत्रपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, ग्राम प्रधान लालता प्रसाद, सचिन चौहान, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, वेदपाल सिंह, ओमेंद्र चौहान, यूनिक मॉडल इंटर कॉलेज के प्रबंधक रमन जायसवाल, दीपक तोमर, दुर्गपाल सिंह, जगत सिंह उर्फ सनी, ठाकुर धीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, ठाकुर उमेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूरनलाल कश्यप, सभासद अबोध सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप गुप्ता, ठेकेदार गौरव मिश्रा, बबलू गंगवार, रंजीत दिवाकर, जगतपाल सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली