कटनी कैमोर//राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारतवर्ष में आयोजित हो रहे हिंदू संगम / हिंदू सम्मेलन की श्रृंखला के अंतर्गत कैमोर नगर में होने वाले कार्यक्रम का भूमि पूजन एवं भगवा ध्वज स्थापना विधिवत रूप से संपन्न हुआ।इस अवसर पर एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जो खलवारा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर पुराने सरकारी अस्पताल के सामने स्थित मैदान में संपन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए, जिससे नगर का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।कलश यात्रा के पश्चात सर्व हिंदू समाज की उपस्थिति में कार्यक्रम स्थल का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके बाद भगवा ध्वज की स्थापना एवं पूजन किया गया, जो हिंदू संस्कृति, एकता और राष्ट्रभाव का प्रतीक है।कार्यक्रम की शुरुआत में ही सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देखने को मिला, जब वाल्मीक समाज के मुखिया श्री विष्णु चौहान द्वारा भूमि पूजन कराया गया। इससे यह संदेश गया कि हिंदू समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर सांस्कृतिक और राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि
24 जनवरी को कैमोर नगर में एक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा,
जबकि 25 जनवरी (रविवार) को भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है।
आयोजकों ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के सर्व हिंदू समाज से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन कैमोर नगर में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक मजबूत करने वाला सिद्ध होगा।
इंडियन टीवी न्यूज़ से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट