सहारनपुर
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडा में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर आहाद की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठियां भी बरामद की गई हैं।
थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि यह घटना 1 फरवरी 2026 को हुई थी। ग्राम कुंडा में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान आहाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 2 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं।
मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर बाबर, मुकर्रम और शाकिर पुत्रगण नसीरु निवासी ग्राम कुंडा के नाम सामने आए। मंगलवार को पुलिस ने तीनों को कल्याणपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठियां बरामद की गईं।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से बाबर और मुकर्रम के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शाकिर का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़