फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने किया। उनके साथ कस्बा चौकी प्रभारी अनूप सिंह सहित उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मुख्य बाजार, मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों तथा प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त की।
इसके साथ ही ग्राम सोरहा, ग्राम टिटौली एवं ग्राम कुरतरा में भी पुलिस बल ने फ्लैग मार्च कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों व धर्मगुरुओं से बातचीत कर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस वाहनों के सायरन से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर है।
थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने कहा कि होली और रमजान दोनों पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी समुदाय के लोग बिना किसी भय के अपने-अपने त्योहार मनाएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कस्बा चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे कानून का पालन करें, जबरन रंग न डालें, बाइक स्टंट या शराब पीकर वाहन न चलाएं। बाजारों में दुकानदारों को समयानुसार दुकान बंद करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर इस तरह के फ्लैग मार्च से क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होती है और लोगों का भरोसा बढ़ता है।
थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान 24 घंटे गश्त जारी रहेगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमों को अलर्ट रखा गया है। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है, ताकि होली और रमजान दोनों पर्व भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो सकें।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली