दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में होली का त्योहार बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम चार बजे कस्बे में गाजे-बाजे के साथ हुड़दंग भरी होली बारात निकाली गई।
रंग-बिरंगे कपड़ों में सजे सैकड़ों लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते-नाचते बारात में शरीक हुए।कस्बे के वार्ड नंबर 5 से शुरू हुई यह बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए संकट मोचन मंदिर के रास्ते मां काली मंदिर तिराहा होते हुए वापस संकट मोचन मंदिर पहुंची।
जुलूस का मुख्य आकर्षण भगवान शिव की भव्य झांकी रही, जो आस्था व उत्साह का प्रतीक बनी। कबाड़ कुकर, गाड़ी की सीट, टूटी-फूटी सामग्री और गधे पर सवार दूल्हा भी लोगों को खूब लुभाते नजर आए।लोगों ने एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल उड़ाते हुए होली की बधाई दी।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह अपने सहयोगियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। इस अवसर पर सुमित सोनी, गोपाल अग्रहरि, पंकज अग्रहरि,भोला सोनी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।