खुर्जा, बुलंदशहर । विधानसभा-70 के गांव उदयपुर में आयोजित भव्य कबड्डी टूर्नामेंट में प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस (IYC) गौरव जयराम प्रधान भाईपुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, वहीं खिलाड़ियों को तिरंगा पटका पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में भोला क्लब ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डांसोली की टीम द्वितीय और पलसेड़ा की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बुजुर्गों ने गौरव जयराम एवं उनके साथ आए सहयोगियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
”स्थानीय स्तर पर सुविधाएं न होने से युवाओं को जाना पड़ता है बाहर”
कार्यक्रम में खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गौरव जयराम ने कहा, “यदि मुझे खुर्जा विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला, तो मेरी पहली प्राथमिकता यहां एक अत्याधुनिक खेल एकेडमी की स्थापना कराना होगी। इससे क्षेत्र के होनहार युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सीधा मंच मिलेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि आज खुर्जा के युवाओं को खेल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली व अन्य बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर और किसान परिवारों के लिए बच्चों को बाहर भेजना आसान नहीं होता। यदि क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं, तो हमारे गांव-देहात के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर देश-दुनिया में नाम रोशन कर सकेंगे। प्रतियोगिता का सफल आयोजन शिवकुमार, सोनवीर सिंह, नवीन चौधरी, कौमल चौधरी और मोहित अत्री द्वारा किया गया। इस मौके पर असीब सोलंकी (जिला महासचिव), मनीष कुमार (खुर्जा ब्लॉक अध्यक्ष), यस चौधरी, अंशु और मयंक सूर्यवंशी (जिला महासचिव) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में आशीष, नवीन, वतन, गौरव, सौरव, आकाश, कुलदीप, देवा, प्रांजल, ऋतिक, कौशिंदर, नरेश, विजय अत्री, जयदीप, योगेश, सुमित, पारु, राम और यस सहित दर्जनों खिलाड़ियों ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया।