सहारनपुर तीतरों
सहारनपुर। बरसी मेले से चोरी हुई मोटरसाइकिलों के मामले में थाना तीतरों पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक वांछित वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम नूरखेड़ी जांडखेड़ा निवासी नरेन्द्र शर्मा ने बरसी मेले से उनकी मोटरसाइकिल UP 11 AL 6935 चोरी होने की तहरीर दी थी। इसी तरह ग्राम औरंगाबाद उर्फ गंदेवड़ा (जनपद शामली) निवासी पंकज कुमार ने भी मेले से अपनी स्प्लेंडर प्लस (UP 19 C 2163) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में थाना तीतरों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चोरों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन और क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सालियर नहर पटरी के पास पुलिया मार्ग से राहुल कुमार पुत्र सोनू सिंह निवासी ग्राम भावसी रायपुर थाना नानौता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली गईं।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़