सहारनपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार एंटी करप्शन टीम को शिकायत मिली थी कि मंडी थाना क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार एक मामले में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि हेड कांस्टेबल ने मामला निपटाने और राहत देने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की जांच की और फिर सुनियोजित तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को 15 हजार रुपये देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही हेड कांस्टेबल विनोद कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी हेड कांस्टेबल मंडी थाना क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात था। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ लेकर थाना सदर बाजार पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी