रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
पोरसा|चंबल अंचल के लिए गर्व की बात है कि पोरसा थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह भदौरिया के सुपुत्र अभय प्रताप सिंह भदौरिया भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अभय प्रताप सिंह भदौरिया का चयन पहले ही भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हो चुका था। इसके बाद उन्होंने सैन्य अकादमी में कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। हाल ही में उनका प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है और अब वे आधिकारिक रूप से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर पदस्थ हो गए हैं।
अभय प्रताप सिंह भदौरिया का पैतृक गांव अकोड़ा है, जबकि वर्तमान में उनका निवास भिंड में है। बचपन से ही अभय प्रताप का सपना भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का था। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उनके पिता दुर्गेश सिंह भदौरिया पोरसा थाना में उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं और अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यों के लिए जाने जाते हैं। पुत्र की इस बड़ी उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना देखने को मिल रही है।
अभय प्रताप की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि अभय प्रताप की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और वे भी देश सेवा के लिए सेना में जाने के लिए प्रेरित होंगे।