ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
बस्तर संभाग के बास्तानार में कोया कुटमा समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में दिनांक 06 मार्च 2026 को घटित घटना पर विस्तृत चर्चा की गई। उक्त घटना में पीड़ित बामन पोयम के साथ वाहन चलाने के दौरान मामूली दुर्घटना के पश्चात आरोपी, जो कि पेशे से पत्रकार रौनक गुप्ता उर्फ रौनक शिवहरे तथा उनके माता-पिता द्वारा किए गए कथित जानलेवा हमले (Attempt to Murder) की कोया कुटमा समाज कड़ी निंदा करता है।
समाज ने स्पष्ट रूप से कहा कि कुछ पत्रकार संगठनों द्वारा आरोपियों के पक्ष में खड़े होकर मामले को जानबूझकर कमजोर करने, भटकाने एवं जनमानस को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। काली पट्टी बांधकर किए गए विरोध प्रदर्शन का समाज पूर्णतः खंडन करता है।
समाज का यह भी मानना है कि पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरण को गलत ठहराने का प्रयास किया जा रहा है, जो न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने का गंभीर प्रयास है।
इस प्रकार की भ्रामक खबरें न केवल अफवाह फैलाती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकती हैं। देश का चौथा स्तंभ यदि तथ्य से अनभिज्ञ होकर या जानबूझकर किसी विशेष वर्ग के आरोपियों को बचाने के लिए खड़ा होता है, तो यह बस्तर संभाग के लिए चिंताजनक एवं खतरनाक स्थिति है।
समाज स्पष्ट करता है कि कानून के दुरुपयोग या न्याय में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कोया कुटमा समाज प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत कार्रवाई की मांग करता है तथा इस प्रकरण में शामिल तीनों आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करता है।
अंत में समाज सभी नागरिकों एवं संगठनों से अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।