फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बरेली के जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं लेखाधिकारी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधि मंडल ने वार्ता के दौरान शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के चयन/प्रोन्नत वेतनमान (प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों), लंबित एरियर, बोनस, महंगाई भत्ता (डीए) सहित अन्य बकाया भुगतानों को 31 मार्च तक सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति विकल्प, एक दिन के अवरुद्ध वेतन के भुगतान तथा महिला शिक्षकों के बाल्य देखभाल अवकाश (सीसीएल) की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी अधिकारियों के समक्ष रखे गए।
अधिकारियों ने अपनी व्यस्तता के बावजूद प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप शर्मा के साथ रोहित सिंह, हरीश बाबू गंगवार, संजय कुमार शर्मा, संजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रवन पाण्डेय
जिला संवाददाता, बरेली (ITN National)