ग्राम वीर में महाराज खेत सिंह स्मारक स्थल पर धूमधाम से हुआ होली मिलन एवं सम्मान समारोह
ललितपुर। जिले के बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वीर स्थित महाराज खेत सिंह स्मारक स्थल पर होली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराज खेत सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। इसके बाद पूरे आयोजन में रंग, उत्साह और राजनीतिक चर्चाओं का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मेघनंद खगर, संतोष परिहार एवं समस्त आयोजक टीम द्वारा किया गया, जिसमें झांसी और ललितपुर जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह सलूजा उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व एमएलसी तिलक चंद्र अहिरवार ने सभा को संबोधित किया। इसके अलावा आल्हा प्रसाद निरंजन, ज्योति सिंह लोधी, रामविलाश रजक, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मंच साझा किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनाने का आह्वान किया। इस दौरान वर्तमान सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया गया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आम जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है और उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। किसानों के कर्ज माफी जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए गए।
कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सम्मान समारोह के तहत कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, भाईचारा और राजनीतिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक बल्कि राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आगामी चुनावों को लेकर रणनीतिक संदेश देने का प्रयास किया गया।