दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
प्राथमिक विद्यालय कलकलीबहरा प्रथम बीडर में आज बुधवार को वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी धूमधाम से आयोजित हुई। सैकड़ों बच्चे, अभिभावक और शिक्षक इस कार्यक्रम में शामिल हुए। आगवंत अतिथियों का पारंपरिक रूप से फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम दुद्धी निखिल यादव के अनुपस्थित रहने पर कार्यक्रम का शुभारंभ जी जीआई सी कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ रीतिका श्रीवास्तव एवं डिग्री कालेज की प्रवक्ता प्रियंका जायसवाल ने किया।संयुक्त रूप से उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का आगाज किया और पूजा-अर्चना के माध्यम से ज्ञान की देवी का आह्वान किया। अपने संबोधन में जीजीआईसी कॉलेज की डॉ रीतिका श्रीवास्तव ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभा प्रदर्शन आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया।
इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। नृत्य, गायन, नाटक और कविता पाठ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पढ़ाई, खेलकूद और अनुशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ छात्रों को सम्मान पत्र, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वर्षा जायसवाल,अध्यापक अविनाश गुप्ता, सरिता, एआरपी रामसूरत, शैलेश मोहन, मुसाई राम, बालकृष्ण जायसवाल सहित स्कूल स्टाफ, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक अविनाश गुप्ता ने किया ।