दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में चैत्र नवरात्रि का उत्सव जोर-शोर से मनाया जा रहा है। प्राचीन हनुमान मंदिर व रामनगर हनुमान मंदिर में मां काली व प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा के बाद पट खुलते ही भक्तों का तांता लग गया।
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर बुधवार को प्राचीन हनुमान मंदिर के पंडाल में विशेष अनुष्ठान हुआ। प्रातःकाल से दोपहर तक विद्वानों ने विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा पूरी की।जिसके बाद मातारानी के पट खुलते ही ‘मां काली’ व ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा। भक्त मां काली के अद्भुत रूप को निहारते हुए निहाल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नारियल, चुनरी, फूल-फल चढ़ावा चढ़ा रहे हैं तथा माता से अरदास कर रहे हैं। दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से देर रात तक चला।
बता दे कि बासंतिक नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा चल रही है। सैकड़ों भक्त सुबह-शाम आरती में शामिल होकर माता का आह्वान कर रहे हैं। मां काली मंदिर ,प्राचीन हनुमान मंदिर,रामनगर हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी भक्ति का दौर जारी है।
आज रात प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य दुर्गा जागरण होगा, जिसमें रात्रि 12 बजे भद्रकाली पूजन शामिल है। स्थानीय व बाहरी कलाकार मां दुर्गा की रंगारंग झांकियां प्रस्तुत करेंगे।जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।