दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
एल्डर कमेटी सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी और दुद्धी बार एसोसिएशन ने अध्यक्ष को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें न्यायालय परिसर में बिना डिग्री व रजिस्ट्रेशन के फर्जी वकीलों द्वारा काला कोट पहनकर मुवक्किलों को गुमराह करने और अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ये व्यक्ति अधिवक्ता के भेष में कोर्ट परिसर में घूमते हैं, मुवक्किलों को झांसा देकर पैसे ऐंठ रहे हैं और अधिकारियों के सामने पत्रावलियों में खुद को (वकील) बताकर पेश हो रहे हैं। बिना रजिस्ट्रेशन के वे जमानत प्रार्थना पत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत कर रहे हैं, जो कानूनी रूप से गलत है और जनता को गुमराह करने के साथ-साथ न्यायालय को भी भ्रमित कर रहे है। एसोसिएशन ने ऐसी स्थिति में फर्जी अधिवक्ताओं व दलालों पर जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्तागणों ने अध्यक्ष को दिए शिकायती पत्र में ऐसे व्यक्तियों पर रोक लगाने और कार्रवाई की अपील किया है कि इस मामले में तत्काल जांच कर उचित ठोस कदम उठाए जाएं। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी तहसील दुद्धी को भी भेजी गई है।
स्थानीय न्यायालय परिसर में इस तरह की घटनाएं बढ़ने से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। एसोसिएशन का मानना है कि इससे न केवल मुवक्किलों का आर्थिक शोषण हो रहा है, बल्कि न्याय प्रक्रिया पर भी बट्टा लग रहा है।