दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को दुद्धी नगर में जय बजरंग अखाड़ा समिति (केंद्रीय) के नेतृत्व में 44 अखाड़ों के सैकड़ों बजरंगी योद्धा भव्य शोभायात्रा निकालेंगे। प्रभु श्री राम की प्रतिमा, मां काली की मूर्तियां, भगवा झंडे और पारंपरिक वाद्यों के साथ यह जुलूस पूरे कस्बे का भ्रमण करेगा।
दोपहर 3 बजे रामलीला मैदान (टाउन क्लब मैदान) से प्रारंभ होकर शोभायात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड, श्री संकट मोचन मंदिर चौक और अमवार मोड़ से गुजरते हुए सायं 7 बजे श्री संकट मोचन मंदिर चौक पर समाप्त होगी। समापन पर अखाड़ों के योद्धा तलवारबाजी, लाठी खेल और अन्य पारंपरिक कलाओं का रोमांचक प्रदर्शन करेंगे।
इससे पहले युवाओं का बाइक जुलूस और मातृशक्ति जुलूस निकलेगा। सैकड़ों बाइक सवार भगवा ध्वज लहराते शौर्य दिखाएंगे, जबकि बालिकाएं मां दुर्गा के स्वरूप में शक्ति प्रदर्शन करेंगी। जगह-जगह राम भक्तों ने जलपान की व्यवस्था की है।
समिति अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने कहा कि यह जुलूस भगवान राम की भक्ति, हनुमान जी की शक्ति और दुद्धी की सामाजिक एकता का प्रतीक है। हम सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के प्रति कटिबद्ध हैं। समिति ने सभी से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
उधर इस बार जुलूस में किन्नर समाज की विशेष भागीदारी देखने को मिलेंगी ।
किन्नर हेड किरण देवी के नेतृत्व में किन्नर समाज के दर्जनों सदस्य रामनवमी की पावन बेला पर भजन-कीर्तन करते हुए जुलूस में शरीक होंगे,जो सामाजिक समावेशिता का अनुपम उदाहरण बनेगा।
प्रशासन ने जुलूस मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। ट्रैफिक डायवर्जन और सीसीटीवी निगरानी के पूर्ण इंतजाम हैं, ताकि उत्सव शांतिपूर्ण रहे।