दुद्धी सोनभद्र। (विवेक सिंह) कोतवाली क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत ग्राम भीसूर निवासी अशोक सिंह के 7 वर्षीय पुत्र परम सिंह ने मंगलवार शाम घर में लापरवाही से थिनर पी लिया। खेलते हुए उसने जमीन पर रखे झोले से थिनर निकालकर न केवल खुद पिया, बल्कि पास खड़े छोटे भाई प्रियांशु को भी पिला दिया।
घटना मंगलवार करीब 6 बजे हुई, जब घर में दरवाजा रंगने का काम चल रहा था। इसी दौरान पिता अशोक सिंह बाहर खड़ी बाइक अंदर ला रहे थे। दरवाजे के पास जमीन पर रखे झोले में रखा थिनर देखकर बड़ा बेटा परम ने उसे पी लिया। जिसके बाद उसने अपने छोटे भाई प्रियांशु को भी पिलाया ,उसने थोड़ा पीने के बाद तुरंत उगल दिया, लेकिन परम की हालत बिगड़ने लगी तो पिता के पूछने पर प्रियांशु ने बताया कि बड़ा भाई ने इसे (थिनर) पिलाया और पिया था।
परिजनों ने तुरंत निजी साधन से परम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह के देख रेख में इलाज जारी है। डॉ. सिंह ने बताया कि बच्चे की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। उल्टी कराई जा रही है। स्थिति पर नजर रखते हुए आगे का इलाज किया जाएगा, अभी कुछ कहना मुश्किल है।
घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया है । उधर जानकारों का कहना है कि थिनर जैसे खतरनाक रसायनों को बच्चों की पहुंच से दूर रखना अत्यंत जरूरी है।