सहारनपुर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के संबंध में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनन वाहनों से अवैध वसूली के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच कराई गई, जिसमें सच्चाई सामने आ गई। पुलिस के अनुसार, दिनांक 03/04 अप्रैल 2026 की रात्रि थाना बेहट क्षेत्र में बिना वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री के परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस, खनन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम का गठन कर चेकिंग अभियान चलाया गया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी भी इसी चेकिंग टीम का सदस्य है, जो नियमानुसार अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहा था। जांच के दौरान बिना रॉयल्टी के खनन सामग्री ले जा रहे दो डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अपने बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे अवैध वसूली के आरोप भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़