दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली शनिचर बाजार में बीती रात शुक्रवार को देर रात अज्ञात चोरों ने ताबड़तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,शुक्रवार की रात करीब एक बजकर 10 मिनट पर चोरों ने सबसे पहले अंकित मोबाइल शॉप को निशाना बनाया, जहां दुकान का ताला तोड़कर करीब 8 जिओ मोबाइल, ग्राहकों के रिपेयर के लिए रखे गए मोबाइल, लगभग 20 एयरफोन तथा करीब 20 हजार नगद चोरी कर लिए। दुकानदार के मुताबिक इस वारदात में कुल मिलाकर लगभग 70 हजार का नुकसान हुआ है।
इसके बाद चोरों ने बंशीधर गुप्ता की किराना दुकान में सेंध लगाते हुए करीब 10 हजार नगद पर हाथ साफ कर दिया। वहीं रामबली कनौजिया की दुकान का ताला तोड़कर करीब 15 लीटर पेट्रोल चोरी कर लिया गया, जो एक अलग ही तरह की घटना मानी जा रही है।
घटना यहीं नहीं रुकी। एक अन्य दुकानदार इन्ताफ अली की दुकान का भी ताला तोड़ा गया, हालांकि चोर वहां से कोई सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके। लगातार कई दुकानों में चोरी की कोशिशों से साफ है कि चोर पूरी तैयारी और बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देने आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी के निर्देशन में दीवान भूपेंद्र पांडेय और धीरेंद्र मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने पीड़ित दुकानदारों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का आश्वासन भी दिया गया है।
इस घटना के बाद शनिचर बाजार के व्यापारियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।