राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आज मंगलवार 14 अप्रैल को नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड कटनी में शाम 4 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी तथा अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जो समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य चित्रा प्रभात द्वारा संविधान की प्रस्तावना के वाचन से होगी। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर आशीष तिवारी संबोधन देंगे। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, साथ ही शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा।