राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में बढ़ती गर्मी के बीच बस स्टैंड पर बुनियादी सुविधाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। जहां एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बस स्टैंड का वाटर कूलर कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां रोजाना हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में पेयजल की समुचित व्यवस्था करना नगर निगम की जिम्मेदारी बनती है, लेकिन वर्तमान हालात में यह व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है।
गंदगी ने बढ़ाई परेशानी
बस स्टैंड परिसर में सिर्फ पानी की ही समस्या नहीं है, बल्कि चारों ओर फैली गंदगी भी यात्रियों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सफाई व्यवस्था लचर होने के कारण वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
नागरिकों की पीड़ा
बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पानी के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई जगहों पर उपलब्ध पानी भी साफ नहीं होता, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बने रहते हैं। यात्रियों का कहना है कि वाटर कूलर लंबे समय से बंद है, लेकिन नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
सुधार की मांग
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वाटर कूलर को चालू कराया जाए और बस स्टैंड की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और गर्मी के इस मौसम में उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।