केशव साहू
डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ढारा में अवैध मुरुम खनन की शिकायत मिलने पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खनन गतिविधियों का जायजा लिया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मुरुम खनन धड़ल्ले से जारी है, लेकिन एसडीएम और तहसीलदार सहित जिम्मेदार अधिकारी इस पर चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की निष्क्रियता से यह स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं इन अवैध कार्यों को संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाना जरूरी है, क्योंकि इससे शासन को राजस्व की हानि के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने भी इस मुद्दे को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसके चलते ग्रामीणों ने विधायक से हस्तक्षेप की मांग की।
विधायक बघेल ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी और बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।