रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|चंबल नदी के राजघाट, भानपुर, देवरी एवं सिकरोदा नहर तिराहा—पर एसएएफ (Special Armed Force) की तैनाती की गई है। इन स्थानों पर स्थापित कैंपों के माध्यम से अवैध उत्खनन एवं रेत के भंडारण/परिवहन की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है।
प्रभारी कलेक्टर कमलेश कुमार भार्गव एवं पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने पुलिस, खनिज, वन विभाग एवं एसएएफ के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी कैंपों का जायजा लिया गया तथा बल की तैनाती एवं कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। मौके पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में चंबल नदी से रेत का उत्खनन या परिवहन न होने दिया जाए। एसएएफ बल द्वारा 24×7 सतत निगरानी रखी जाएगी तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित वाहनों को तत्काल जप्त कर एफआईआर एवं पीओआर दर्ज किए जाएंगे। साथ ही, जब्त वाहनों को राजसात कर शीघ्र नीलामी की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र डावर, खनिज अधिकारी सुखदेव कुमार निर्मल, रक्षित सब-निरीक्षक जोगेन्द्र सिंह परिहार, थाना प्रभारी सरायछोला केके सिंह, कमांडर एवं वन विभाग के रेंजर अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.