राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी— मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी ने अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री, मध्य प्रदेश शासन के नाम संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल को दिया गया।
संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रदेश शाखा भोपाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत अंशकालीन कर्मचारियों की एक सूत्रीय मांग को लेकर यह पहल की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई कर्मचारी पिछले 20 से 22 वर्षों से नियमित कर्मचारियों की तरह सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें दैनिक वेतनभोगी का दर्जा नहीं मिला है।
संघ का कहना है कि इन कर्मचारियों को कोषालय के माध्यम से मजदूरी बजट से भुगतान किया जाता है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में बेहद कम है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए कठिन होता जा रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
संघ ने शासन से मांग की है कि इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द निर्णय लिया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय संगठन प्रचार सचिव पूर्णेश उइके सहित अजय गौतम, नीलेश पौराणिक, अजीमुद्दीन शाह, मनोज श्रीवास, अमृत लाल दुबे, भगीरथ तिवारी, चंद्रमोहन गणेशन पिल्लई, रामपाल सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।