राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नालंदा आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें 186 प्रगणकों ने भाग लेकर आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मकान सूचीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें प्रश्नों के सही उत्तर भरने की प्रक्रिया, लोकेशन विवरण, भवन संख्या, जनगणना मकान संख्या, स्व-गणना संदर्भ आईडी, मकान की संरचना, उपयोग, स्थिति, स्वामित्व, परिवार विवरण एवं कमरों की संख्या जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
1 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें प्रगणक एचएलओ ऐप के जरिए घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे।
30 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा
प्रशिक्षण में बताया गया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों के लिए स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध है। इस दौरान परिवार का कोई भी सदस्य पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। बाद में प्रगणक घर पहुंचकर इन जानकारियों का सत्यापन करेंगे।
दूसरे चरण का प्रशिक्षण 19 अप्रैल से
नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के अनुसार प्रशिक्षण का अगला चरण 19 से 21 अप्रैल तक जोन क्रमांक-2 (वार्ड 16 से 30) के लिए आयोजित होगा, जिसमें 188 प्रगणक शामिल होंगे। वहीं 23 से 25 अप्रैल तक जोन क्रमांक-3 (वार्ड 31 से 45) के 173 प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में सर्वे की कार्यप्रणाली, आंकड़ों की शुद्धता, नागरिकों से संवाद और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों से निर्धारित तिथियों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण लेने की अपील की है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।